जनगणनाकर्मियों को मास्क लगाकर ही ट्रेनिंग में मिला प्रवेश, बिना मास्क वाले कर्मियों की इंट्री बंद

राजधानी रांची में कोरोनावायरस को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जनगणनाकर्मियों का प्रशिक्षण शुरू है। लेकिन इस पर भी कोरोना का असर साफ देखा जा रहा है। रांची नगर निगम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क के कर्मचारियों की इंट्री बंद की कर दी गई है।


मास्क लगाने के बावजूद प्रशिक्षण लेने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल है। क्योंकि एक साथ एक हॉल में 50 से अधिक कर्मी प्रशिक्षण ले रहे हैं। कर्मचारियों ने फिलहाल प्रशिक्षण रोकने की भी मांग की है।  इधर, सरकारी कार्यालयों में भी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को अपने स्तर से सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।


इसके बाद कई सरकारी कार्यालय में पदाधिकारी व कर्मचारी बाहरी व्यक्ति के संपर्क में आने से बच रहे हैं। कार्यालयों में हैंड सेनीटाइजर अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि समय-समय पर कर्मी अपने हैंड को सेनिटाइज करें। इधर, करोना की वजह से शहर में आवागमन भी काफी कम हो गया है। खचाखच भरी रहने वाली सिटी बस में इक्के-दुक्के यात्री दिख रहे हैं। लोग सफर करने से बच रहे हैं।